सोमवार, 12 सितंबर 2011

अमर को वर्चुअल वर्ल्ड की सुहानुभूति

सत्यजीत चौधरी
किसकी मजाल है कि जो छेड़े दिलदार को, गर्दिश में घेर लेते हैं कुत्ते भी शेर को, आपने बिग बी तक न जाने कितने लोगों की सहायता की है लेकिन आज कोई पास या साथ नहीं है, हम हैं...यह शब्द हैं समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव और सांसद अमर सिंह के फेसबुक अकाउंट पर पेस्ट किए गए एक शुभचिंतक के। भले ही आज अमर सिंह तिहाड़ जेल में होने की वजह से खुद अपनों से दूर हो गए हों लेकिन आज भी उनके ऐसे साढ़े चार हजार से ज्यादा मित्र हैं जो लगातार उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस मुसीबत से जल्द बच निकलने को उत्साहित कर रहे हैं।
    संसद में वोट के बदले नोट मामले में दिल्ली पुलिस की जांच के बीच कोर्ट ने अमर सिंह को तिहाड़ जेल भेज दिया है। फिलहाल 12 सितंबर तक उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई नहीं होगी। हालांकि इस बीच अमर सिंह के स्वास्थ्य में गिरावट की बात सामने आई है। उनकी साथी रही सांसद जया प्रदा भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर कर चुकी हैं। अब उनके वर्चुअल वर्ल्ड के मित्र भी अमर सिंह को दिलासा दे रहे हैं। उनके फेसबुक अकाउंट मे उनसे जुड़ने वालों की संख्या फिलहाल 4522 है। खास बात यह है कि फेसबुक पर उनके शुभचिंतक इस कदर निराश हैं कि वह अब उन्हें अपना राजनीतिक कॅरियर बचाने की सलाह भी दे रहे हैं। एक शुभचिंतक और फेसबुक फ्रेंड शिव सिंह ने साफ शब्दों में उनकी वाल पर लिखा है कि अब तो नींद से जाग जाओ अमर सिंह जी, दूसरों की सेवा के लिए आपने अपना राजनीतिक कैरियर दांव पर लगा दिया है। एक अन्य शुभचिंतक संजय शर्मा ने उनकी वाल पर लिखा है कि जीवन में बुरा वक्त आता है और जाता है। हालांकि अमर सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर यह भी लिखा हुआ है कि यह मैंने अपने शुभचिंतकों के लिए तैयार कराया है। उनकी अपनी वेबसाइट ठाकुरअमर सिंह डॉट कॉम भी चल रही है।
नई जानकारी भी फेसबुक से
    अमर सिंह के राष्ट्रीय लोकमंच का फेसबुक पेज अब तेजी से अपडेट हो रहा है। राष्ट्रीय लोकमंच के पदाधिकारी हर पल मंच की ओर से होने वाले कामों से लेकर अमर सिंह के लिए होने वाले आंदोलनों की जानकारी भी अपनी जनता तक फेसबुक से पहुंचा रहे हैं। रविवार को लोकमंच की ओर ये फेसबुक पेज पर यह जानकारी प्रदर्शित की गई है कि 17 सितंबर को अमर सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में राष्ट्रीय लोकमंच के कार्यकर्ता तिहाड़ जेल घेरने जा रहे हैं। इस बीच एक मजे की बात यह भी है कि अपार जनसमर्थन का दावा करने वाले कुछ लोग भी अब अमर सिंह से जुड़ने की इच्छा व्यक्त कर रहे हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं: